भारत बंद के समर्थन में शहर में जुलूस निकाला, कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन
संतकबीरनगर। पुरानी पेंशन बहाली, महंगाई, ओबीसी की जाति आधारित जनगणना सहित विभिन्न मुद्दों पर आयोजित भारत बंद के समर्थन में बुधवार को राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने शहर में जुलूस निकाला और प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट में प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।
राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग, बहुजन मुक्ति मोर्चा, राष्ट्रीय किसान मोर्चा, राष्ट्रीय मुस्लिम मोर्चा सहित विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता जूनियर हाईस्कूल खलीलाबाद के परिसर में एकत्र हुए। यहां से राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग के अध्यक्ष चौधरी विकास पटेल के नेतृत्व में रैली निकाली। बैंक चौराहा, गोलाबाजार, मुखलिसपुर तिराहा, आजाद चौक, मेंहदावल बाईपास होते हुए रैली कलेक्ट्रेट पहुंची। यहां पर प्रदर्शन के बाद प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। बहुजन मुक्ति मोर्चा के जिलाध्यक्ष उदयराज विद्यार्थी ने कहा कि भारत बंद के आह्वान में सभी संगठन मिलकर भागीदारी करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ओबीसी की जाति आधारित जनगणना तत्काल कराने की घोषणा करे और पुरानी पेंशन बहाल करे।
इस दौरान छविलाल पटेल, गुलाम जिलानी, आनंद कुमार गौतम, हरिश्चंद्र भास्कर, हरिराम कांदू, करम हुसेन, हरि प्रसाद गौतम, राहुल मद्देशिया, शिव कुमार चौहान, रामदास, धनंजय कुमार, रामशंकर, हूबराज बौद्ध, चंद्रमणि, क्रांतिकारी, ज्ञानदास, बलिराम राव, यशपाल गौतम, सत्यदेव गौतम, वीरेंद्र कुमार, फूलदेव यादव आदि मौजूद रहे।