संतकबीरनगर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से बोर्ड परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की तैयारी शुरू कर दी गई है। सोमवार तक विद्यालयों की आधारभूत सभी सूचनाओं को अपलोड करने का अंतिम दिन निर्धारित किया गया था। विद्यालयों में सूचनाओं को अपलोड कर दिया गया है। एसडीएम की अध्यक्षता वाली समिति सूचनाओं की जांच करेगी। डीएम के आदेश पर समिति का गठन किया गया है।
जानकारी के अनुसार जिले में 26 राजकीय, 42 अशासकीय सहायता प्राप्त और करीब दो सौ वित्त विहीन विद्यालयों ने सूचनाओं को अपलोड कर दिया है। अब तीन सितंबर तक डीएम द्वारा तहसील स्तरीय एसडीएम की अध्यक्षता वाली समिति स्कूलों द्वारा अपलोड की गई हर आधारभूत सूचनाओं का सत्यापन किया जाएगा। गलत सूचनाओं को अपलोड करने वाले विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सत्यापन के बाद तहसील स्तरीय समिति की आख्या को अपलोड की जाएगी। इसके बाद केंद्रों पर आपत्तियां ली जाएंगी। आपत्तियों का परीक्षण के बाद निस्तारण कर केंद्र निर्धारित समिति से अनुमोदित आख्या और संस्तुति सहित परिषद की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा। सात सितंबर को केंद्रों पर ऑनलाइन आपत्तियां ली जाएगी और फिर केंद्रों को अंतिम रूप दिया जाएगा।