जूनियर हाई स्कूल में शिक्षिका को सम्मानित करते सदर विधायक जय चौबे । संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : KHALILABAD
प्रेरणा ज्ञानोत्सव कार्यक्रम में शिक्षक व विद्यार्थी हुए सम्मानित
संवाद न्यूूज एजेंसी
संतकबीरनगर। बीआरसी खलीलाबाद के परिसर में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा प्रेरणा ज्ञानोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें खलीलाबाद ब्लॉक के प्रेरक विद्यालयों की टीएलएम की प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में बेहतर कार्य करने वाले शिक्षक व विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन सदर विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे ने करते हुए कहा कि परिषदीय स्कूलों में शिक्षारत बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़कर उनकी दक्षता को बढ़ाने के लिए कवायद शुरू हो गई है। यह प्रक्रिया काफी सराहनीय है। सरकार ने प्रेरणा ज्ञानोत्सव कार्यक्रम चलाकर लोगों को इससे जुड़ने का अभियान चलाया है। इसमें शिक्षकों, अभिभावकों, बच्चों को तत्परता से जुड़कर प्रेरणा लक्ष्य को निर्धारित समय के भीतर पूरा करने का संकल्प लेना होगा। बीईओ प्रमोद कुमार तिवारी ने कहा कि शिक्षा मानव जीवन की एक प्रमुख कड़ी में शामिल है। हमें स्कूल परिसर को इस प्रकार से रोचक व आकर्षक बनाना होगा, कि बच्चे आसानी से शिक्षा के प्रति प्रेरित जागरूक होकर स्कूल आए। इस दौरान उत्कृष्ठ कार्य करने वाली शिक्षक वर्षा चौहान, सुप्रिया राय, सुभद्रा सिंह, रेनू अग्रहरि, मीरा भारती, आरती श्रीवास्तव, नेहा, मंदाकिनी पांडेय को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही प्रेरक बच्चों को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान वित्त एवं लेखाधिकारी अतुल पांडेय, प्रवक्ता ओंकार नाथ मिश्र, प्राथमिक शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष अंबिका देवी यादव, इंद्रेश पांडेय, विजय लक्ष्मी, समेत अन्य मौजूद रहे।