धनघटा। रामजानकी मार्ग पर बसवारी गांव और सिकरीगंज के बीच कुआनो नदी पर बने पुल से सोमवार की शाम से आवागमन बंद कर दिया गया है। पुल पर आवागमन बंद होने से लोगों का गोरखपुर जिले से सीधा संपर्क बाधित हो गया है। रामजानकी मार्ग के चौड़ीकरण के लिए पुल से आवागमन को रोका गया है।
यह संतकबीरनगर से गोरखपुर आने-जाने का प्रमुख मार्ग है। स्कूल, बाजार और इलाज के लिए बड़ी संख्या में लोग इसी पुल के जरिए गोरखपुर पहुंचते हैं। राहगीर सुनील राय ने बताया कि पुल बंद होने से नजदीकी बाजार सिकरीगंज जाने में परेशानी होगी। लौहरैया निवासी घनश्याम शुक्ला ने बताया कि वे लोग पुल के रास्ते ही गोरखपुर जाते थे। अब उन्हें लौहरैया-बनकटा मार्ग से बनकटा होते हुए कुआनो नदी पर बने पुल से होकर जाना पड़ेगा। सिकरीगंज पुल बंद हो जाने से बसवारी गांव, तामा, मुंडेरा शुक्ल, खाजो, बमनौली आदि गांव के लोगों को सिकरीगंज आने-जाने में लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी।