सीमा विस्तार से प्रभावित ग्राम पंचायतों के परिसीमन की तैयारी
- डीएम की अध्यक्षता में चार सदस्यीय टीम गठित
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। नगर निकायों के सीमा विस्तार से प्रभावित हुई ग्राम पंचायतों, क्षेत्र पंचायतों और जिला पंचायतों के वार्डों का आंशिक परिसीमन होगा। इसके लिए प्रदेेश के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने निदेशक पंचायती राज और जिलाधिकारी को पत्र भेजकर निर्धारित समय में प्रक्रिया शुरू करने को कहा है।
अपर मुख्य सचिव द्वारा भेजे गए पत्र के अनुसार एक जनवरी 2016 से वर्तमान समय तक नगर पंचायत, नगर पालिका परिषद व नगर निगम के सीमा विस्तार के बाद कई विकास खंडों की ग्राम पंचायतें नगरीय क्षेत्र में शामिल हो गई हैं। ऐसे में वर्ष 2021 में होने वाले पंचायत निर्वाचन से पूर्व ऐसे विकास खंडों की प्रभावित ग्राम पंचायतों का आंशिक परिसीमन किया जाना आवश्यक है। त्रिस्तरीय पंचायतों के आंशिक प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों के निर्धारण के संबंध में ग्राम पंचायतों, क्षेत्र पंचायतों से संबंधित आपत्तियां जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय व जिला पंचायत के निर्वाचन क्षेत्रों के संबंध में आपत्तियां जिला पंचायत कार्यालय में अपर मुख्य अधिकारी द्वारा प्राप्त की जाएगी।
निर्धारित अवधि में प्राप्त आपत्तियों का निस्तारण जिला स्तर पर डीएम की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा किया जाएगा। इसमें समिति में सीडीओ, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत व जिला पंचायत राज अधिकारी शामिल होंगे। अपर मुख्य सचिव के अनुसार 2011 की जनसंख्या के आधार पर ग्राम पंचायत वार जनसंख्या का अवधारण सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए चार से 11 दिसंबर तक का समय निर्धारित किया गया है। इस संबंध में डीएम दिव्या मित्तल ने सभी खंड विकास अधिकारियों व सहायक विकास अधिकारी पंचायत को समय के अनुसार प्रक्रिया पूर्ण कराने का निर्देश दिया है।