पानी गिराने से मना करने पर प्रधान के पति की पिटाई
धनघटा (संतकबीरनगर)। महुली क्षेत्र के सड़हरा में बुधवार को सड़क पर पानी गिराने से मना करने पर कुछ लोगों ने प्रधान के पति की पिटाई कर दी। बचाव में पहुंची पड़ोस की महिला को भी मारपीट कर घायल कर दिया। इस मामले में पुलिस ने छह लोगों पर बलवा, मारपीट एवं एससी एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
सड़हरा गांव निवासी बुटका देवी पत्नी कल्लू का आरोप है कि बुधवार को दिन में उसके घर के पास सड़क पर पानी फैला था। उसी रास्ते से गुजर रहे प्रधान के पति तारीफ अली उर्फ राजू ने पानी गिराने वालों को मना किया। यह बात उन्हें नागवार लगी। कुछ लोगों ने प्रधान के पति की पिटाई शुरू कर दी। बीच-बचाव करने जब वह पहुंची तो उसे भी मारापीटा। महिला ने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। एसओ प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में तबारक, मोहम्मद शरीफ पुत्र महमूद अली, इकबाल अहमद , आजाद, आफताब, अफरीदी के खिलाफ बलवा, मारपीट व दलित उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया गया है।