बीडीओ के स्थानांतरण के लिए प्रधानों का धरना
ग्राम प्रधानों को मनाने का पीडी का प्रयास भी रहा विफल
संवाद न्यूज एजेंसी
बखिरा/बघौली। बीडीओ बघौली की मनमानी से आजिज आकर बघौली विकास क्षेत्र के ग्राम प्रधानों ने सामूहिक रूप से मनरेगा के कार्यों का बहिष्कार कर दिया। प्रधानों ने बृहस्पतिवार को ब्लॉक परिसर में मौजूद सभी कार्यालय बंद कराकर धरना दिया। प्रधान बीडीओ के स्थानांतरण की मांग पर अड़े हैं।
प्रधान संघ के अध्यक्ष सत्यपाल यादव के नेतृत्व में दूसरे दिन दर्जनों ग्राम प्रधान ब्लॉक परिसर में एकत्रित हुए व बीडीओ के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ब्लॉक परिसर में मौजूद सभी कार्यालयों को बंद करा दिए। सामूहिक रूप से मनरेगा के कार्य बहिष्कार की घोषणा कर दी। सत्यपाल यादव ने कहा कि बीडीओ की ओर से मनमानी की जा रही है और प्रधानों के साथ अच्छा व्यवहार नहीं किया जाता है। इससे प्रधानों में नाराजगी है। कहा कि प्रधानों का यह धरना बीडीओ के स्थानांतरण तक अनवरत चलता रहेगा। उन्होंने कहा कि दूसरे दिन भी उनकी मांगों पर प्रशासन द्वारा अभी तक कोई संज्ञान नहीं लिया गया। फिलहाल, संघ ने धरने को आगे भी जारी रखने का निर्णय लिया है। इस दौरान ग्राम प्रधानों को मनाने के लिए परियोजना निदेशक डीडी शुक्ला भी पहुंचे थे। उन्होंने ग्राम प्रधानों से धरना खत्म करने का पूरा प्रयास किया, लेकिन ग्राम प्रधानों ने बीडीओ के स्थानांतरण से कम कुछ भी मंजूर न होने की शर्त पीडी के समक्ष रखी। इस अवसर पर श्याम बहादुर सिंह, पिन्टू राय, गुड्डू सिंह, रामवृक्ष राजभर, गुड्डू पाण्डेय, रामछैल चौधरी, गोपी जायसवाल, हनुमान चौरसिया, हबीबुर्रहमान, बृजेश यादव, टेमई निषाद, रामफल चौरसिया, नंदलाल चौधरी, बहरैची निषाद, पंचराम गौतम, दामोदर पाण्डेय, मुरली पाण्डेय, अब्दुल्लाह खान, अरविंद चौधरी, प्रमोद दूबे, हफीज खान, नबीउल्लाह आदि मौजूद रहे।