संतकबीरनगर। रविवार की रात दो दफा आई आंधी-पानी से जिले की बिजली व्यवस्था लड़खड़ा गई। कुछ जगह पेड व बिजली के खंभे व तार भी धराशायी हो गए। शहर से लेकर गांव तक बिजली के लिए लोग परेशान हाल दिखे। नौकरी पेशे वाले और गृहणियों की दिनचर्या प्रभावित हो गई।
शहर के कुछ हिस्सों में पूर्वाह्न 11 बजे तो कुछ जगह दोपहर बाद सप्लाई बहाल हुई, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति बेहद खराब रही। बेलहर कला में प्रभारी मंत्री की चौपाल लगनी है, जिसकी वजह से वहां की व्यवस्था सुधारने में जिम्मेदार तेजी दिखाए। बिजली की दिक्कत से लोगो के घरों में लगे इनवर्टर बंद हो गए और लोग मोबाइल तक चार्ज करने को लेकर जूझते नजर आए।
सरैया हाईवे के किनारे, औद्योगिक क्षेत्र में, एचआरपीजी कॉलेज के पास, बरदहिया के समीप तार टूट कर गिर जाने से शहर की बिजली व्यवस्था लड़खड़ा गई। बारिश की वजह से जिला अस्पताल गेट के पास पानी जमा हो गया। मेंहदावल प्रतिनिधि के अनुसार विवार की रात साढ़े छह पहली दफा हल्की आंधी आई और ओले गिरे। दोबारा रात 11.30 बजे तेज आंधी के साथ ही ओलावृष्टि व बारिश हुई।
आंधी की वजह से मेंहदावल सीएचसी तिराहे के पास नगर पंचायत द्वारा लगाया गया स्ट्रीट लाइट पोल जहां गिर गया, वही ग्राम पंचायत बीमापार चौराहे के समीप पोल टूट कर एक गुमटी के बगल गिरा तो वही पश्चिमटोला में कई पोल टूट गए। ग्राम गगनई बाबू, गगनईराव, धौरापार समेत कई गांव की बिजली प्रभावित हुई।
नगर क्षेत्र में भी यही हाल रहा। 19 घंटे से मेंहदावल क्षेत्र के तमाम गांव व नगर के कई वार्डों में बिजली आपूर्ति ठप रही। वैवाहिक कार्यक्रमों में भी आंधी-पानी से अफरा-तफरी मच गई। अवर अभियंता मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि आंधी के कारण कई स्थानो पर विद्युत पोल टूटने व क्रेक होने से विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई है। जिसे ठीक कराने के लिए कर्मचारी लगाए गए हैं।
पूरा प्रयास है कि देर रात तक विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। सेमरियावां प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के कुशहरा उपकेंद्र से जुडे सप्लाई वाले गांव कूडी मनमन, टेंकसा, लोहरौली, मुंडेरी में पोल व तार गिर गए, जिसकी वजह से बिजली व्यवस्था बाधित हो गई। बीएमसिटी मार्ग पर दुधारा के पास तार गिर जाने से अफरा-तफरी का माहौल कायम रहा।
बखिरा, बघौली, मगहर, कांटे, मनियरा प्रतिनिधियों के अनुसार, आंधी-पानी से जहां क्षेत्र की बिजली व्यवस्था लड़खड़ा गई, वहीं आम के कच्चे फल भी पकने से पहले ही जमीन पर गिर गए। धनघटा, हैंसर, पौली प्रतिनिधियों के अनुसार, क्षेत्र के 600 से अधिक गांवों की बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई।
हरिहरपुर, मुखलिसपुर, कोचरी, मोलनापुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े गांवों की सप्लाई बाधित होने से लोगों को बेहद परेशानी हुई। जेई संजय यादव ने बताया कि 80 प्रतिशत गड़बड़ी ठीक कर शाम पांच बिजली बहाल कर दी गई है। शेष 20 प्रतिशत बची गड़बड़ी ठीक कराई जा रही है। चार-छह घंटे में वहां भी सप्लाई चालू हो जाएगी।
रविवार की रात दो बार आंधी-पानी आने से बिजली व्यवस्था पर बुरा असर पड़ा है। रात में शहर की भी सप्लाई बंद हो गई थी। कुछ फीडरों की सप्लाई तो सोमवार सुबह आठ बजे बहाल कर दी गई थी, लेकिन कुछ फीडर की सप्लाई दोपहर बाद शुरू हुई। ग्रामीण क्षेत्र में बेलहर गांव में प्रभारी मंत्री का कार्यक्रम लगा है,वहां भी सप्लाई बाधित है,जहां प्राथमिकता पर काम हो रहा है। बखिरा-नेवास फीडर, मेंहदावल टाउन में भी दिक्कत आ गई थी। ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकतम जगह सप्लाई बहाल हो गई है,जहां सप्लाई नहीं हुई है, वहां काम चल रहा है।
-संजय कुमार, एक्सईएन विद्युत