आए दिन खराह हो रहे बिजली के लाइन-संवाद
संतकबीरनगर। ठंड के मौसम में भी बिजली की कटौती बढ़ गई है। जिसके कारण उपभोक्ताओं की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। वजह यह है कि सुबह के समय बिजली गुल हो जा रही है, जिससे पानी का संकट खड़ा हो रहा है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक यह समस्या बनी हुई है।
ठंड के मौसम में उपभोक्ताओं को उम्मीद थी कि बिजली कटौती से राहत मिलेगी, लेकिन वर्तमान में शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की कटौती की समस्या बनी हुई है। शहर में बार- बार बिजली कटने का सिलसिला बना हुआ है। जिससे बिजली से चलने वाले उपकरण बेकार साबित हो रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह पांच बजे बिजली कट जा रही है और आठ बजे के बाद आती है। इस दौरान पानी का संकट खड़ा हो रहा है। कारण यह है कि घरों की छतों पर लगी पानी की टंकियां सूख जा रही हैं। जिससे स्नान ध्यान से लेकर अन्य कार्य में बाधा खड़ी हो रही है। लोगों को मजबूरी में हैंडपंपों से पानी लाना पड़ता है। शुक्रवार को खलीलाबाद क्षेत्र के नहसापार, केरमुआ माफी, चकदही, धरैची, दुबौली आदि क्षेत्रों में सुबह से ही बिजली गुल रही और 11 बजे तक बिजली नहीं आई, जिससे लोग परेशान रहे। इस क्षेत्र के उपभोक्ता रविंद्र यादव, राम प्रीत आदि ने बताया कि अक्सर सुबह में बिजली कट रही है। इससे परेशानी झेलनी पड़ती है।
0
लोकल फाल्ट के चलते कहीं-कहीं दिक्कत आ रही है। बिजली कर्मियों को निर्देश दिया गया है कि जहां पर भी फाल्ट की समस्या आए वहां तत्काल ठीक करें। -राजेश कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत