संतकबीरनगर। बिजली आपूर्ति के सुधार का विद्युत निगम का दावा फेल नजर आ रहा है। भीषण गर्मी में बिजली आपूर्ति व्यवस्था बेपटरी हो गई है।
बृहस्पतिवार की शाम लोकल फाॅल्ट से मगहर के कताई मिल फीडर से जुड़े करीब दो सौ गांवों की बिजली आठ घंटे गुल रही।
बिजली कटौती से उपभोक्ताओं को उमस भरी गर्मी में परेशान होना पड़ा। करीब रात दो बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई तो लोगों ने राहत की सांस ली।
इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है, इससे बिजली की मांग बढ़ी है। लोड अधिक होने के कारण बिजली बार-बार ट्रिप हो रही है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बृहस्पतिवार की शाम छह बजे मगहर कताई मिल फीडर से जुड़े गड़सरपार, लक्ष्मीपुर निचौरा, धवरिया, नहसापार, केरमुआ, चकदही, धरैची, दुबौली सहित करीब दो सौ गांवों की बिजली गुल हो गई। बिजली न होने सेे कुुछ देर बाद घरों में लगे इंवर्टर भी जवाब देने लगे।
गर्मी के कारण लोगों की नींद में खलल पड़ गई और काफी देर तक परेशान रहे। जब रात करीब दो बजे बिजली की आपूर्ति बहाल हुई तो लोगों ने राहत की सांस ली।
वहीं रोजाना सुबह करीब पांच बजे बिजली गुल हो जा रही है और आठ बजे के बाद आ रही है। इसके घरों की छतों पर लगी पानी की टंकियां सूख जा रही हैं। बच्चों के स्कूल जाने का समय होने के कारण स्नान-ध्यान के साथ टिफिन तैयार करने में दिक्कत आ रही है।