विद्युत मजदूर पंचायत के बैनर तले विद्युत संविदा कर्मियों ने सोमवार को अधिशाषी अभियंता विद्युत के कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान संविदा कर्मियों ने आरोप लगाया कि आश्वासन के बाद भी आठ माह से मानदेय भुगतान नहीं किया गया, जबकि ईपीएफ खाता भी नहीं खोला गया। श्रम विभाग में रजिस्ट्रेशन और जीवन बीमा नहीं कराया गया। विद्युत संविदा कर्मियों ने चेतावनी दिया कि यदि समस्याओं पर कदम नहीं उठाया गया तो 25 अक्टूबर को कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इस संबंध में अधिशाषी अभियंता को ज्ञापन सौंपा गया।
विद्युत संविदा कर्मी अपराह्न करीब तीन बजे अधिशाषी अभियंता विद्युत के कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शामिल मेंहदावल के संविदा कर्मियों ने कहा कि संविदा कर्मियों के परिवार के समक्ष आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में तत्काल मानदेय दिलाने की व्यवस्था की जाए। प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि ईपीएफ खाता खोलने व जीवन बीमा कराने का आश्वासन देने के बाद भी अब तक इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया है। विद्युत कर्मियों ने कहा कि यदि समस्याओं का निस्तारण नहीं किया गया तो 25 अक्टूबर को कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इस दौरान अनुरक्षण व परिचालन में सहयोग नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, सुनील मिश्रा, दिग्विजय मिश्रा, कुसमाकर भारती, शैलेंद्र प्रकाश, मधुकर, दीनानाथ, कन्हैया, योगेंद्र कुमार, सत्यदेव, रूद्रप्रताप सिंह, मोहम्मद अबरार, लल्लन प्रसाद, ओंकारनाथ दूबे, राममूरत, धर्मेद्र यादव आदि शामिल रहे।