सांथा। विकास खंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत बनेथू में 33/11 केवी विद्युत सबस्टेशन बनाने के लिए क्षेत्रीय विधायक ने ऊर्जा मंत्री से मिलकर पत्र सौंपा था। ऊर्जा मंत्रालय ने विद्युत निगम को निर्देशित किया था, जिस पर मुख्य अभियंता ने डीएम से भूमि तलाश करने का अनुरोध किया। इस दिशा में एक वर्ष बाद भी कोई रुचि नहीं दिखाई गई है, जिससे यह योजना परवान नहीं चढ़ सकी।
विकास खंड सांथा के गांवों में लो-वोल्टेज एवं फाल्ट की समस्या हमेशा बनी रहती है। इसके कारण सांथा में विद्युत उपकेंद्र बनाया जाना आवश्यक है। धर्मसिंहवा नगर पंचायत, विकास खंड क्षेत्र के कुछ गांवों में जनपद सिद्धार्थनगर के खेसरहा फीडर से विद्युत आपूर्ति होती है। वहीं आधे से अधिक गांव में मेंहदावल से सांथा फीडर के नाम से विद्युत आपूर्ति होती है। दोनों विद्युत उपकेंद्र दूर-दूर हैं। इसलिए ग्रामीण लो वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या से परेशान रहते हैं।
विधायक अनिल त्रिपाठी ने 25 जून 2024 को ऊर्जा मंत्री को पत्र लिखा था। उन्होंने कहा था कि मेंहदावल विद्युत उपकेंद्र 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र से निर्गत 11 केवी सांथा फीडर की सीधी लंबाई लगभग 22 किलोमीटर है। नियम अनुसार 11 केवी फीडर की लंबाई 10 किलोमीटर से अधिक नहीं होनी चाहिए। इस कारण 22 किलोमीटर के गांव में लो वोल्टेज की समस्या रहती है। इस समस्या के लिए ग्राम पंचायत बनेथू में एक नए विद्युत उपकेंद्र निर्माण के लिए प्रस्ताव रखा गया था लेकिन संस्तुति नहीं मिली।
000000000000000000000000
कई गांवों को मिलेगा लाभ
सांथा क्षेत्र के बनेथू गांव में विद्युत सबस्टेशन होने से क्षेत्र के सांथा, गनवरिया, लोहरसन, बेलवा मिश्र, करनजोत, रमवापुर सरकारी, गोबडौरी, पसनारा, लेदवाश्रीपाल, राजेडिहा, डबरा, देवकली, करमाकला, भटौरा, रमवापुर मिश्र, गोइठहा, नेतारीकला, परसाई समेत 22 किलोमीटर की परिधि के गांवों को सीधे तौर पर फायदा मिल सकेगा।
0000000000000000000
जनता की समस्या को दूर करने के लिए ऊर्जा मंत्री को पिछले वर्ष जून में पत्र लिखा था और व्यक्तिगत मिलकर भी समस्या बताई थी। ग्राम बनेथू में नया विद्युत सबस्टेशन बने, इसके लिए प्रयासरत हूं। जल्द ही बजट आवंटित कर एवं भूमि का चयन होने के बाद ग्राम बनेथू में विद्युत सब स्टेशन स्थापित होगा।
- अनिल कुमार त्रिपाठी, विधायक, मेंहदावल