चुनाव में गड़बड़ी करने वालों के साथ सख्ती से पेश आएगी पुलिस : डीएम
पर्याप्त संख्या में पुलिस कर्मियों की मतदान में लगाई गई है ड्यूटी
60 कंपनी अर्द्धसैनिक बल के जवान भी शांति व्यवस्था बनाए रखने में निभाएंगे भूमिका
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। डीएम-एसपी ने पुलिस लाइंस परिसर में मतदान ड्यूटी में लगे पुलिस अधिकारियों, पुलिस कर्मियों के अलावा अर्द्धसैनिक बलों के जवानों को ब्रीफ किया। डीएम दिव्या मित्तल ने साफ तौर पर कहा कि पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ सभी ड्यूटी निभाएं। किसी भी तरह की गड़बड़ी करने वालों के साथ पुलिस सख्ती से पेश आएगी।
एसपी डॉक्टर कौस्तुभ ने कहा कि शांतिपूर्ण माहौल में मतदान कराए जाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। विधानसभा मेंहदावल में चार जोन और 35 सेक्टर बनाए गए हैं। जबकि विधानसभा खलीलाबाद में चार जोन व 34 सेक्टर तथा विधानसभा धनघटा में चार जोन व 36 सेक्टर बनाए गए हैं। तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1021 मतदान केंद्र और 1553 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। समस्त मतदान केंद्रों पर निर्धारित मानक के अनुसार पुलिस बल की व्यवस्था की गई है। जिले में 16 निरीक्षक, 241 उपनिरीक्षक, 566 मुख्य आरक्षी, 2388 आरक्षी और 2601 होमगार्ड मिले हैं। मतदान में निरीक्षक/उपनिरीक्षक 397, मुख्यआरक्षी/आरक्षी 3660, महिला कांस्टेबल 127, होमगार्ड 2968 एवं अर्द्ध सैनिक बल की 60 कंपनी और एक कंपनी तथा एक प्लाटून पीएसी बल लगाई गई है। इसके अलावा गठित मोबाइलों में डीएम/एसपी की मोबाइल के साथ एक उपनिरीक्षक, 11 हेडकांस्टेल/कांस्टेबल, तीन महिला कांस्टेल, तीन सेक्शन पीएसी, पांच सेक्शन सीएपीएफ चलेगी। इसी तरह एडीएम, एएसपी, एसडीएम और सीओ की मोबाइल टीम चलेगी। 12 जोनल मजिस्ट्रेट/जोनल पुलिस अधिकारी की मोबाइल टीम भी है। 105 सेक्टर मजिस्ट्रेट और सेक्टर पुलिस मोबाइल टीम भी घूमेगी। 20 जगह अंतर जनपदीय बैरियर और नौ जगह जनपदीय बैरियर बनाए गए हैं, जहां चेकिंग होगी। प्रत्येक थाना स्तर पर दो-दो क्यूआरटी टीम इस उद्देश्य के साथ लगाई गई है कि निरंतर भ्रमणशील होकर मतदान प्रक्रिया एवं शांति व्यवस्था बनाए रखें। मतदान में अराजकता फैलाने वालों पर सख्ती की जाएगी। किसी भी तरह से मतदाताओं को प्रलोभन और डरा धमकाकर मतदान कराने की सूचना पर तत्काल पुलिस टीम पहुंचेगी। पुलिस कर्मी पूरी ईमानदारी से ड्यूटी निभाएं।