संतकबीरनगर। जनपद में जुआरियों पर पुलिस ने शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है। इनके कई अड्डे पुलिस के रडार पर हैं। मेंहदावल में बगल के जिलों से भी जुआरी आकर जुआ खेलते हैं। कोतवाली खलीलाबाद के मड़या काली मंदिर के पास पिछले दिनों पुलिस ने जुआरियों को पकड़ा था। जिनके पास से लगभग 28 हजार रुपये बरामद हुए थे। पुलिस टीम आने की सूचना पर कई जुआरी फरार हो गए थे। पुलिस ने सात जुआरियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
जिले में वैसे तो जुआ खेलने के छोटे मामले अक्सर प्रकाश में आते हैं। इससे इतर मेंहदावल थाना क्षेत्र में बड़े पैमाने पर जुआ खेला जाता है। यहां गोरखपुर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर से भी लोग जुआ खेलने के लिए जुटते हैं। कोतवाली क्षेत्र के मड़या काली मंदिर के पास स्थित मकान में काफी लंबे समय से और बड़े पैमाने पर जुआ खेले जाने की सूचना पुलिस के पास थी। यही नहीं पुलिस छापेमारी के दौरान पाया गया कि पुलिस पर निगाह रखने के लिए मकान पर सीसीटीवी कैमरा भी लगवाया गया था, जिससे जुआरी आने जाने वाले लोगों की निगरानी भी करते थे।
पुलिस के पहुंचने से पहले की कुछ जुआरी बाइक लेकर फरार हो गए थे। मौके से पुलिस को तीन बाइक मिली थी, जिसे सीज कर दिया गया। इसके साथ ही मौके से पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। अब पुलिस टीम की रडार पर जुआरियों के अन्य अड्डे भी आ गए हैं।
चार जुआरियों को पुलिस ने पकड़ा
महुली पुलिस ने शुक्रवार को शाम जुआ खेलते हुए चार जुआरियों को पकड़कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। एसओ दुर्गेश कुमार पांडेय के अनुसार एसआई सोमनाथ मिश्र की अगुवाई में पुलिस टीम महुली चौराहे पर थी। पुलिस को क्षेत्र के भगौतीपुर पंचायत भवन के सामने खुले स्थान पर जुआ खेले जाने की सूचना मिली। जिसके बाद पुलिस टीम ने वहां पर पहुंचकर छापा मारा। पुलिस ने मौके से ताश के पत्ते और 1,100 रुपये बरामद किए। पुलिस ने वहां से शनिराज व अखिलेश कुमार एवं बनारसी लाल निवासी भगौतीपुर और रोहित निवासी कोल्हूगाड़ा को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की।
-
जुआ पर रोक लगाने के लिए पुलिस टीम को निर्देशित किया गया है। जहां भी जुआ खेले जाने की सूचना पुलिस को मिलती है, वहां दबिश देकर कार्रवाई की जाती है। किसी को जुआ खेले जाने की जानकारी हो तो वह पुलिस को सूचित करे, उनका नाम पता गोपनीय रखा जाएगा।
-सुशील कुमार सिंह, एएसपी