चार दिन पूर्व कांटे चौकी के पास पेट्रोल पंप से बरामद हुआ था कंटेनर
33 जानवरों की हुई थी बरामदगी, चार की हो गई थी मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र के कांटे चौकी के पास पेट्रोल पंप से बरामद प्रतिबंधित जानवरों से भरे कंटेनर मालिक के सहारे पशु तस्करों तक पहुंचने का प्रयास पुलिस ने शुरू कर दिया है। चार दिन पूर्व कंटेनर में 33 पशु बरामद हुए थे। इसमें चार की मौत हो गई थी। मामले में चौकी प्रभारी कांटे राकेश कुमार ने अज्ञात कंटेनर चालक और सह चालक के विरुद्ध पशु क्रूरता और गो तस्करी के मामले में केस दर्ज कराया था।
कांटे में बरामद पशुओं को पशु आश्रय केंद्र में रखवाने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर कंटेनर मालिक की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने गाड़ी नंबर के माध्यम से मुरादाबाद निवासी कंटेनर मालिक की तलाश की। इसके बाद पुलिस को पता चला कि 11 दिसंबर को ही मालिक ने अपना कंटेनर बेटी की शादी के लिए बेच दिया था। 22 दिसंबर को उसका एनओसी भी जारी करवाकर लखनऊ निवासी एक व्यक्ति को सौंप दिया था। कंटेनर को खरीदने वाले मालिक कंटेनर को अपने नाम अब तक नहीं कराए थे। पुलिस अब कंटेनर मालिक से मिले पते के आधार पर असली पशु तस्करों को अपनी गिरफ्त में लेने के फिराक में जुट गई है।
पुलिस टीमों ने इस पर काम भी शुरू कर दिया है। कंटेनर मालिक से मिले पते को तस्दीक करने में पुलिस टीम जुट गई है। पुलिस टीमें असली पशु तस्करों तक पहुंचने का प्रयास करने में तेजी से जुट गई हैं।
कोट
पुलिस टीम पशु तस्करों की गिरफ्तारी के लिए काम कर रही है। उनके संभावित ठिकानों को चिह्नित किया जा रहा है। जल्द से जल्द पशु तस्करों को गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।
-बृजेश सिंह, सीओ सिटी