संवाद न्यूज एजेंसी
सांथा। मुहर्रम शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस सतर्क है। इसी क्रम में बेलहर थाना क्षेत्र के लोहरसन गांव में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरे से ताजिया मार्ग की निगरानी की गई।
पुलिस टीम ने लोहरसन के उन सभी चिह्नित मार्गों और संवेदनशील स्थानों का ड्रोन से सर्वेक्षण किया, जहां से जुलूस और ताजिया निकाला जाना है। ड्रोन के माध्यम से ऊंची इमारतों, भीड़भाड़ वाले स्थानों तथा संवेदनशील मोड़ों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का आकलन किया गया।
बेलहर एसओ हरिकेश भारती ने बताया कि मुहर्रम के दौरान क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ड्रोन कैमरे से ताजिया रूट का बारीकी से निरीक्षण किया गया है, ताकि आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए जा सकें।
उन्होंने चेतावनी दी कि जुलूस के दौरान माहौल बिगाड़ने या शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले शरारती एवं असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों और मुहर्रम कमेटियों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार मुहर्रम को लेकर पूरे रूट पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि पर्व सकुशल संपन्न कराया जा सके।