संतकबीरनगर। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइंस में पुलिस बल ने दंगा नियंत्रण मॉक ड्रिल के दौरान भीड़ नियंत्रित करने और आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास किया। इस दौरान दंगा नियंत्रण में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों और सुरक्षा संसाधनों के प्रयोग का प्रशिक्षण दिया गया।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में आयोजित मॉक ड्रिल में पुलिसकर्मियों को उपद्रव और भीड़ की स्थिति में बल की तैनाती, आपसी समन्वय और परिस्थितियों के अनुसार कार्रवाई का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। वज्र वाहन से भी आवश्यक ड्रिल और फायरिंग का अभ्यास कराया गया, ताकि आपात स्थिति में उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी इस्तेमाल किया जा सके।
विज्ञापन
मॉक ड्रिल का निरीक्षण करते हुए एसपी ने पुलिसकर्मियों को पूर्ण सतर्कता और अनुशासन के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय स्थिति में संयम और धैर्य बनाए रखते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार त्वरित कार्रवाई की जाए। दंगा नियंत्रण से जुड़े सभी उपकरणों को कार्यशील स्थिति में रखने और पुलिसकर्मियों को नियमित अभ्यास कराने के भी निर्देश दिए।
एसपी ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा स्थानीय स्तर पर शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।