पुलिस ने दो पशु तस्करों को किया गिरफ्तार
संतकबीरनगर। दुधारा थाने की पुलिस ने शनिवार की देर रात क्षेत्र से दो पशु तस्करों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही तीन पशु, 200 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस, चाकू व तीन बाइक भी बरामद की गई। पकड़े गए तस्करों पर केस दर्ज करते हुए जेल भेज दिया।
एसओ दुधारा सर्वेश राय ने बताया कि शनिवार की रात मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि मोहम्मदगढ़ गांव में दो तस्कर, पशुओं को बेचने के लिए रखे हैं। उसके बाद उन्होंने मौके पर दबिश दी। अजमत अली और अजहरुद्दीन को गिरफ्तार किया गया। घर की तलाशी ली गई तो वध के लिए बांध कर रखे तीन पशु, 200 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस, दो चाकू व मांस को बेचने के उद्देश्य से रखी गई तीन बाइक बरामद हुई।
इन आरोपितों पर पशु क्रूरता अधिनियम, शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपितों का चालान करके कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट व अन्य विधिक कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा जा रहा है। एसओ ने बताया कि आरोपितों ने पूछताछ में बताया है कि वे पशुओं के मांस का व्यापार कर अपना तथा अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं। बाइक से वे मांस बेचते थे।