संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। दिल्ली में चल रहे विरोध-प्रदर्शन के मद्देनजर जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। एसपी संदीप कुमार मीना ने मंगलवार देर रात ऑनलाइन गोष्ठी कर सभी पुलिस अधिकारियों को सतर्कता बरतने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
एसपी ने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में भ्रमणशील रहें और संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखें। उन्होंने सोशल मीडिया पर भ्रामक, भड़काऊ और अफवाह फैलाने वाली पोस्टों की निगरानी करने के निर्देश दिए।
कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल प्रभावी एवं विधिक कार्रवाई की जाए। साथ ही पीस कमेटी के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय संभ्रांत लोगों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने को कहा, ताकि किसी भी स्थिति में शांति और सौहार्द कायम रखा जा सके।
एसपी ने जनपदवासियों से अपील की है कि किसी भी अपुष्ट या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें और न ही उसे सोशल मीडिया पर साझा करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस या डायल-112 को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।