बेलहर। थाना क्षेत्र के सुरसा चमनजोत जंगल में तेंदुए की दहशत अभी भी बरकरार है। तेंदुए के पकड़े न जाने से आसपास के गांवों के लोग भय के माहौल में जी रहे हैं। ग्रामीण जरूरत पड़ने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं और खेतों की ओर जाने से भी बच रहे हैं।
वन विभाग की टीम लगातार तेंदुए की तलाश में अभियान चला रही है। जंगल और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है तथा लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। इसके बावजूद तेंदुआ अभी तक वन विभाग की पकड़ से दूर है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब तक तेंदुआ पकड़ा नहीं जाता, तब तक भय का माहौल बना रहेगा। वहीं वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और लोगों से जंगल की ओर अकेले न जाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग या पुलिस को देने की अपील की गई है।