विद्यालयों में दुरुस्त करें शिक्षण व्यवस्था: पीएम अंसारी
संतकबीरनगर। परिषदीय स्कूलों के पठन-पाठन व विद्यालयों की दशा की जांच मंगलवार को महानिदेशक स्कूली शिक्षा अभियान कार्यालय के सलाहकार पीएम अंसारी ने की। उन्होंने बघौली ब्लॉक के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय और परिषदीय स्कूलों का निरीक्षण किया। बीएसए कार्यालय में डीसी व खंड शिक्षा अधिकारियो के साथ बैठक कर व्यवस्था सुधारने का निर्देश दिया। विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर दिया।
सलाहकार पीएम अंसारी सबसे पहले बघौली ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय झीनखाल पर पहुंचे। वहां पर बीईओ और प्रधानाध्यापकों की बैठक का कोई डाटा नहीं मिला। प्रधानाध्यापक भी जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद बीआरसी स्थित संविलियन विद्यालय को देखा। जहां पर व्यवस्था ठीक-ठाक मिली। वहीं पर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया। विद्यालय की बाउंड्रीवाल टूटी मिली। उन्होंने नाराजगी जताई और उसे तत्काल सही कराने का निर्देश दिया। इसके बाद बीएसए कार्यालय में जिला समन्वयक और बीईओ के साथ बैठक की। उन्होंने विद्यालयों की दशा सुधारने का निर्देश दिया। सलाहकार पीएम अंसारी ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों की जांच की गई है। कई जगह शैक्षिक गुणवत्ता सही नहीं मिली। उसे सही करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही शासन की योजनाओं का लाभ बच्चों को उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। इसकी रिपोर्ट महानिदेशक स्कूली शिक्षा को सौंपी जाएगी। बैठक में बीईओ अनूप त्रिपाठी, ऋषिकेश सिंह, डीसी एमडीएम डीपी चंद, डीसी समेकित शिक्षा रजनीश वैद्यनाथ, डीसी प्रशिक्षण नवीन कुमार दुबे, डीसी एमआईएस बजरंगी लाल विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।