पौली के रामजानकी मार्ग का निरीक्षण करती अवर अभियंता ।संवाद
- फोटो : KHALILABAD
राम जानकी मार्ग के निर्माण को ग्रामीणों ने रोका
- गुणवत्ता विहीन कार्य होने का लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
रोसयाबाजार। रामजानकी मार्ग के निर्माण कार्य को पौली में रविवार को ग्रामीणों ने रोक दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता का ख्याल नहीं रखा जा रहा है। मौके पर पहुंचे जेई ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण होगा। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू हुआ।
राम जानकी मार्ग पारा से रामपुर बाजार तक लगभग छह किलोमीटर जर्जर हो गया है, इसका निर्माण कराया जा रहा है। रविवार को पौली में राम जानकी मार्ग पर गुणवत्ता विहीन निर्माण को देखकर क्षेत्र के अरविंद सिंह, योगेंद्र आर्या, अमरनाथ, गुलाब, अंगद, भजन, ध्रुवनरायन आदि ने निर्माण कार्य रोक दिया। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक गुणवत्तापूर्ण सड़क का निर्माण नहीं कराया जाता है तब तक कार्य नहीं होने देंगे। जेई दिव्या सिंह ने ग्रामीणों को समझाने के साथ गुणवत्तापूर्ण निर्माण का आश्वासन दिया। उन्होंने ठेकेदार को मानक अनुरूप निर्माण कराने का निर्देश दिया। लापरवाही बरतने पर विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी। आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और निर्माण कार्य फिर शुरू हो सका।