कड़ाके की ठंड से कांपे लोग, गलन से परेशान
- दिनभर नहीं निकली धूप, छाए रहे बादल
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इसके साथ ही हवा चलने व गलन बढ़ने से लोग परेशान हैं। सुबह कोहरा छाए रहने व रविवार को अवकाश होने से लोग घरों में कैद रहे। जो लोग घर से निकले वह खुद को गर्म रखने के लिए इधर-उधर भटकते रहे। लोगों को जहां भी अलाव दिखा, वहीं ठहर गए। ठंड से गरीबों की परेशानी बढ़ गई है, लेकिन अभी तक न कंबल वितरण शुरू हुआ और न ही अधिकतर क्षेत्रों में अलाव की ही व्यवस्था हो सकी है।
रविवार को दिनभर सूर्य बादलों के ओट में छिपे रहे। बीच-बीच में थोड़ा उजाला हुआ, लेकिन धूप नहीं निकली। इसके चलते लोग ठंड से परेशान रहे। खासकर गरीब तबके के लोगों को मुसीबत झेलनी पड़ रही है, क्योंकि उनके पास न तो तन पर ऊनी कपड़े हैं और न ही खुद को गर्म रखने की व्यवस्था है। ऐसे में उनके लिए अलाव ही एक मात्र सहारा है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकतर चौक-चौराहों पर अलाव की व्यवस्था नहीं है। यही नहीं गरीबों का हमदर्द बनने का दावा करने वाले स्वयं सेवी संगठन भी सक्रिय नहीं हैं। कहीं पर भी कंबल वितरण नहीं हुआ है। खलीलाबाद शहर में भी कई जगहों पर अलाव की व्यवस्था नहीं है।
गर्म हुआ ऊनी कपड़ों का बाजार
इस सीजन में अभी तक ठंड का असर कम रहा, जिसके कारण ऊनी कपड़ों की खरीदारी लोग कम ही कर रहे थे, लेकिन पिछले दो दिनों से ठंड बढ़ गई है। इसका असर रविवार को बरदहिया बाजार में देखने को मिला, जहां ऊनी कपड़ों की खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इससे कारोबारियों में खुशी देखी गई। ऊनी कपड़े के व्यापारी दिनेश कुमार, श्याम विहारी आदि ने कहा कि सीजन से पहले ही ऊनी कपड़े बेचने के लिए ले लिए थे, लेकिन ठंड नहीं पड़ रही थी तो पूंजी डूबने की आशंका उत्पन्न हो गई थी, लेकिन अब ठंड बढ़ने से उम्मीद बढ़ी है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसी ही ठंड रही तो कारोबार ठीक रहेगा।