स्वास्थ्य विभाग के रडार पर विदेश से लौटे लोग
संतकबीरनगर। कोरोना वायरस को देखते हुए विदेश से लौटे लोग स्वास्थ्य विभाग के राडार पर है। जिले में अब तक 26 लोग विदेश से लौटे हैं। इनमें चीन, ताइवान, सऊदी अरब, बैंकाक आदि देश में लोग शामलि हैं। इनकी स्वास्थ्य विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। रैपिड रिस्पांस टीम उनके घरों पर दस्तक दे रही है। विदेशों से लौटे लोगों के परिजन सहमे हुए हैं।
कोरोना वायरस को लेकर केंद्र व प्रदेश की सरकारों ने सतर्कता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम बाहर से यात्रा कर आने वाले लोगों पर पैनी नजर रखे हुए है। सीएचसी और पीएचसी को सतर्क कर दिया गया है। रैपिड रिस्पांस टीम विदेश से आने वाले लोगों की जांच करने के बाद उन्हें 28 दिन तक अपनी निगरानी में रख रही है। रैपिड रिस्पांस टीम के लोग जब इनके घरों पर पहुंच रहे हैं तो परिजन सहम जा रहे हैं। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. एके सिन्हा ने बताया कि विदेश से आने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है। उनके घर पर रैपिड रिस्पांस टीम पहुंच रही है और जांच कर रही है। अब तक किसी भी व्यक्ति में वायरस का लक्षण नहीं मिला है। उन लोगों को 28 दिन तक अपनी निगरानी में रखा जा रहा है। जिले में अब तक 26 लोग अन्य देशों से यात्रा कर लौटे है। जिनकी सूचना देश के विभिन्न एयरपोर्ट से मिली है। इस संबंध में सीएमओ डॉ. हरगोविंद सिंह ने बताया कि कोरोना वायरस को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। जिला अस्पताल में दस बेड का आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। अगर किसी व्यक्ति में कोरोना का लक्षण मिलेगा तो उसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया जाएगा। फिलहाल जिले में अभी कोई भी व्यक्ति संक्रमित नहीं मिला है।