बखिरा। नगर पंचायत बखिरा में सुलभ शौचालय की कमी से कस्बे में आने वालों को घोर दिक्कत का सामना करना पड़ता है। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं को उठानी पड़ती है। लोगो ने कस्बे में स्थान चिन्हित करके सार्वजनिक शौचालय निर्माण की मांग की है।
रामलखन, उमेश, सुशील, राजेश, महेश, शिवकुमार ने बताया बखिरा बर्तन उद्योग की वजह से प्रसिद्ध है। आसपास गांवों के लोगों के लिए बखिरा कस्बा खरीदारी का एक प्रमुख बाजार है। बखिरा कस्बे में जरूरत के लिए आने पर लोगों को सुलभ शौचालय की कमी महसूस होती है। सुलभ शौचालय नहीं होने पर लोग इधर-उधर या गली में खुले रूप से लघुशंका करते हैं। सबसे अधिक दिक्कत महिलाओं को होती है।
लोगों ने कहा कि इस समस्या के बारे में वार्ड के सभासदों व चेयरमैन से भी कई बार कहा गया, लेकिन सालों बीतने के बाद भी एक अदद सुलभ शौचालय नहीं बन सका, जबकि नगर पंचायत में सड़क, लाइट, सफाई समेत अन्य सभी कार्य किए जा रहे हैं, लेकिन लोगो के लिए सबसे जरूरी सुलभ शौचालय नहीं बनाया जा सका है।
इस संबंध में ईओ आदित्य प्रकाश ने बताया कि सुलभ शौचालय के लिए स्थान की तलाश कराई जा रही है। जगह उपलब्ध होते ही सुलभ शौचालय का निर्माण शुरू करा दिया जाएगा।