संतकबीरनगर। थाना कोतवाली क्षेत्र के विधियानी निवासी श्रवण कुमार राय ने पट्टीदारों पर निर्माणाधीन दीवार ढहाने और मारने-पीटने का आरोप लगाते हुए कोतवाली पुलिस के कार्रवाई की गुहार लगाई है।
पुलिस को दी तहरीर में पीड़ित ने बताया कि मटिहना में उसके पिता दूधनाथ राय के नाम से जमीन है। वह अपने हिस्से की जमीन पर लोन लेकर रोजगार करने के लिए टीन शेड के लिए दीवार निर्माण करा रहा था। उसी दौरान उसके पट्टीदार पहुंचे और दीवार ढहाने लगे। मना करने पर मारपीट की धमकी के साथ गालियां देने लगे।
पीड़ित का कहना है कि उसने डायल 112 पर फोन कर जानकारी दी। मौके पर पुलिस के पहुंचने पर वे भाग गए। दूसरे दिन फिर आरोपी गोलबंद होकर पहुंचे और दीवार ढहा दी और टीन शेड भी उजाड़ दिया। श्रवण कुमार ने बताया कि उसने तितौवा चौकी पर सूचना दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस से प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। संवाद