- कहीं रेलिंग टूटी तो कहीं पुल ही जर्जर, कहीं रेलिंग टूटी तो कहीं पुल जर्जर, कोहरे में दृश्यता कम होने पर जोखिम ज्यादा, जरा भी चूक हो सकती है जानलेवा
संतकबीरनगर। घने कोहरे के बीच आवागमन में मुश्किलें बढ़ गई हैं। खासकर नदियों पर बने उन पुलों से गुजरना खतरे से खाली नहीं हैं, जहां रेलिंग टूटी है या रेलिंग है ही नहीं। शनिवार को सुबह इस कदर घना कोहरा छाया रहा कि दृश्यता 10 मीटर हो गई। सड़कों पर हेडलाइट जलाने के बाद भी वाहन रेंगते दिखे। ऐसे में बघौली ब्लॉक के अजगैबा घाट पर आमी नदी पुल से गुजरना जोखिम भरा साबित हो रहा था। कारण कि पुल के एक हिस्से की रेलिंग गायब है। नाथनगर ब्लॉक के सिदाई गांव के पास कठिनाइयां नदी पर बने पुल का मामला हो या धनघटा-खलीलाबाद मार्ग पर चकदही के खुदवा नाला पुल, वाहन चालकों आवागमन में दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। लोग जोखिम उठाकर बिना रेलिंग वाले पुलों को पार कर रहे हैं। अक्सर हादसे भी होते रहते हैं। इसके बाद भी जिम्मेदार इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
बघौली ब्लॉक के अजगैबा घाट पर आमी नदी पर पुल बना है। यह पुल गोरखपुर जिले को जोड़ता है। इस पुल से दिन-रात लोगों का आना-जाना होता रहता है लेकिन इस पुल को पार करना किसी खतरे से कम नहीं है। वजह है कि पुल के एक हिस्से की रेलिंग ही गायब है। रेलिंग न होने से पुल से गिरने का खतरा बना रहता है। थोड़ी से असावधानी बड़े हादसे की वजह बन सकती है। लोग असुरक्षित तरीके से पुल से आवागमन कर रहे हैं। कोहरे के चलते खतरा बढ़ गया है, लेकिन पुल की सुध लेने वाला कोई नहीं है।
इसी प्रकार जिले के नाथनगर ब्लॉक के सिदाई गांव के पास कठिनाइयां नदी पर बने पुल की रेलिंग गायब हो गई है। इस पुल से होकर बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना होता है। कई साल से इस पुल के दोनों किनारों पर रेलिंग नहीं है। ऐसे में लोग जान जोखिम में डालकर आने-जाने पर मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलिंग न होने से पुल से गिरने का खतरा बना रहता है। कई बार लोग गिरकर घायल भी हो चुके हैं। जिम्मेदारों से शिकायत के बाद भी अब तक पुल की रेलिंग नहीं बनाई गई।
0
रेलिंग न होने से ट्रक गिरा था नीचे
धनघटा-खलीलाबाद मार्ग पर चकदही के खुदवा नाले पर भी पुल की रेलिंग का एक हिस्सा गिर गया है। यहां पर करीब चार माह पहले भी बालू लदा ट्रक रेलिंग तोड़ते हुए नीचे गिर गया था, बाद में रेलिंग ठीक कराई गई, लेकिन वर्तमान में एक हिस्सा फिर गिर गया है। कोहरे में साफ दिखाई न देने से हादसे की आशंका बनी हुई है। यही नहीं यह पुल भी काफी जर्जर हो गया है।
0
दुधारा में पुल की रेलिंग टूटी, दुर्घटना की आशंका
सेमरियावां। बीएमसीटी मार्ग को जोड़ने वाला दुधारा-परसाशेख मार्ग पर दुधारा अस्पताल से आगे मोड़ पर स्थित पुल की रेलिंग टूट जाने से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। इसकी मरम्मत न होने से लोगों ने नाराजगी जताई है। दुधारा-परसाशेख मार्ग जिला मुख्यालय पर जाने पर बेलौहा चौराहे पर राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़ता है। इस मार्ग से दुधारा, पिपरा हंकार, मदारपुर धुसुरा, मूड़ाडीहाखुर्द, दरियाबाद, लौकी लाला, कोहरियावां, परसा शेख, गंगैचा, दशावां, देवरिया लाल, बजहरा, सुकरौली, सुजिया आदि गांवों के गांव के लोगों का आना जाना लगा रहता है। दुधारा गांव मोड़ पर स्थित पुल की रेलिंग टूट जाने से राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। मोड़ पर होने और कोहरे के कारण लोगों को डर सता रहा है। ग्रामीण मुहम्मद परवेज अख्तर, जियाउद्दीन, मौलाना शकील अहमद, राम वृक्ष यादव, सतीश चौधरी, महबूब आलम, नजीर अहमद, जाहिद हुसैन खान, मो. तव्वाब, गुफरान अहमद, योगेंद्र जायसवाल आदि ने रेलिंग की मरम्मत कराने की मांग की है।
0
दुधारा-परसाशेख मार्ग पर पुल की रेलिंग टूटने से हादसे की आशंका बनी हुई है। इस समय कोहरा पड़ रहा है, जिससे समस्या और बढ़ गई है। पुल की रेलिंग ठीक कराया जाना आवश्यक है। -महफूजुर्रहमान, दुधारा
0
अजगइबा घाट पर पुल की रेलिंग टूटी हुई है। कोहरे में यह हादसे का कारण बन सकती है। प्रशासन को इस पुल की रेलिंग की मरम्मत करानी चाहिए, ताकि लोगों को सफर सुरक्षित हो सके। -सोनू यादव, नचनी
0
जहां पर पुलों की रेलिंग टूटी है और हादसे की आशंका है, वहां की रेलिंग को ठीक कराने के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित किया जाएगा। जल्द ही इस समस्या का समाधान हो, यह प्राथमिकता में होगा। -आलोक कुमार, डीएम
खलीलाबाद के चकदही के पास पुलिया की टूटी रेलिंग-संवाद
खलीलाबाद के चकदही के पास पुलिया की टूटी रेलिंग-संवाद
खलीलाबाद के चकदही के पास पुलिया की टूटी रेलिंग-संवाद
खलीलाबाद के चकदही के पास पुलिया की टूटी रेलिंग-संवाद