सेमरियावां में सील होने के बाद खुला डायग्नोस्टिक सेंटर
संतकबीरनगर। मंगलवार को एसडीएम सदर और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सेमरियावां में पैथालॉजी सेंटर काे सील किया था। सील करने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने चाभी अपने कब्जे में ले लिया था, लेकिन उसके बाद संचालक ने पैथाेलाॅजी फिर से खोल लिया और अल्ट्रासाउंड करना शुरू कर दिया है, इसको लेकर खूब चर्चा हो रही है और वीडियो वायरल हो रहा है। इसकी सूचना पर सीएमओ ने अब संचालक पर केस दर्ज कराने की तैयारी शुरू की है।
बतादें कि मंगलवार को टीम सेमरियावां स्थित नायला डायग्नोस्टिक सेंटर पर पहुंची। वहां पर अल्ट्रासाउंड किया जा रहा था। जो चिकित्सक पंजीकृत था वह नहीं था। बिना चिकित्सक के अल्ट्रासाउंड बाहरी व्यक्ति कर रहा था। अल्ट्रासाउंड को सील कर दिया गया। इसके साथ ही संचालक को कागजात के साथ तलब किया गया था। इसी तरह से एक डायग्नोस्टिक सेंटर की जांच की।
जांच में वह पंजीकृत नहीं पाया गया। संचालक कोई कागजात नहीं दिखा पाया। जिसके बाद टीम ने उसे भी सील कर दिया। इसके बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। जिसमे डायग्नोस्टिक सेंटर को खोल कर अल्ट्रासाउंड करते हुए दिखाया गया है। हालांकि वायरल वीडियो की संवाद न्यूज एजेंसी पुष्टि नहीं करती है। इधर सीएमओ को जब इसकी सूचना लगी तो सीएमओ अब दोनों सेंटरों पर केस दर्ज कराने की तैयारी शुरू कर दी है।