विकास भवन परिसर में आरक्षण की सूची को देखने के लिए भीड़।
- फोटो : KHALILABAD
जिले की पंचायत चुनाव की आरक्षण सूची जारी
- शाम को डीपीआरओ कार्यालय, ब्लॉक मुख्यालय और जिला पंचायत कार्यालय पर हुई चस्पा
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। त्रिस्तरीय पंचायत के चुनाव के लिए आरक्षण की स्थिति जानने को मंगलवार को लोग बेताब दिखे। दोपहर से ही ब्लॉक मुख्यालयों से लेकर डीपीआरओ कार्यालय तक लोगों की भीड़ जुट गई। प्रशासन की ओर से आरक्षण की सूची शाम को जारी कर दी गई। सूची देखने के बाद कुछ संभावित दावेदार तो खुशी जताए तो कुछ के चेहरे मुर्झा गए।
मंगलवार को आरक्षण की प्रस्तावित सूची का प्रकाशन होने की वजह से गांवों से काफी संख्या में लोग डीपीआरओ कार्यालय पहुंचे हुए थे। इधर डीएम और डीपीआरओ धनघटा संपूर्ण समाधान दिवस में गए थे। शाम पांच बजे के करीब आरक्षण की सूची का प्रकाशन हुआ। एडीओ पंचायत को ब्लॉक मुख्यालयों पर सूची चस्पा कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई। जबकि डीपीआरओ ने अपने कार्यालय में सूची चस्पा कराया। इसके अलावा जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी के कार्यालय में भी सूची का प्रकाशन हुआ। आरक्षण की जद में आए गांवों में पहले से प्रधान पद के चुनाव की तैयारी कर रहे लोगों के चेहरे लटक गए। जबकि महिला और अनारक्षित सीट होने पर चुुनाव लड़ने का मौका पाने वाले लोग खुशी जताए। डीपीआरओ उमाशंकर मिश्र ने बताया कि आरक्षण की जो सूची का प्रकाशन किया गया उसके लिए चार मार्च से आठ मार्च तक आपत्तियां ली जाएगी। नौ मार्च को जनपद मुख्यालय पर जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में आपत्तियां एकत्र की जाएगी। 10 से 12 मार्च तक डीएम की अध्यक्षता में गठित समिति के जरिए आपत्तियां का परीक्षण एवं निस्तारण किया जाएगा। 13 से 14 मार्च तक आरक्षित ग्राम पंचायतों के प्रधानों, तथा ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत एवं जिला पंचायत के प्रादेशिक निर्वाचन वार्ड की अंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा।