धूप से बचकर जाते स्कूली बच्चे। संवाद
संतकबीरनगर। जिले में मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है। सोमवार को तेज धूप के चलते गर्मी बढ़ गई। दोपहर के समय घरों से बाहर निकलने में लोगों को परेशानी भी हुई। स्कूली बच्चे, राहगीर सभी कड़ी धूप से परेशान दिखे। लोग शरीर को ढककर बाहर निकलते देखे गए।
अप्रैल के पहले सप्ताह में जहां आंधी व बूंदाबांदी से मौसम में नमी थी, वहीं अब तेज धूप हो रही है और हवा भी चल रही है। हवा संग धूल उड़ने से आवागमन में परेशानी भी हो रही है। सोमवार को सुबह नौ बजे से धूप ने असर दिखाना शुरू कर दिया।
दोपहर होते-होते गर्मी तेज हो गई। इस बीच सड़कों पर आने-जाने वाले लोग भी परेशान दिखे। बाजार करने आए लोग छांव की तलाश कर रहे थे। धूप से बचने के लिए साइकिल व बाइक सवार गमछा बांधे थे। स्कूली बच्चे भी धूप से बचने का इंतजाम करके घर से निकले। इससे पहले मार्च के आखिरी सप्ताह में भी मौसम बदला था। इसके साथ ही इस माह के पहले हफ्ते तक 10 दिनों में तीन बार बादल छाए और बूंदाबांदी हुई।
कुछ ही दिनों बाद अब तेज धूप हो रही है। सोमवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्यिस रहा।
तीन से सात अप्रैल के बीच सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा था। इसी कारण सात अप्रैल की रात में मौसम बदला तो कहीं हल्की तो कहीं तेज बूंदाबांदी हुई थी। वहीं अब तेज धूप संग हवा भी चल रही है। धूल उड़ने से सड़कों पर चलना मुश्किल हो रहा है। इस बीच मवेशियों के लिए भूसा रखने के लिए किसान गेहूं की कटाई और मड़ाई भी करा रहे हैं। पूर्व में बूंदाबांदी के चलते इसमें बाधा आई थी। मौसम साफ होने पर किसान फसल की मड़ाई कर रहे हैं।