एचआरपीजी कॉलेज में शिक्षकों और प्राचार्य के साथ बैठक करते एसडीएम और सीओ
- फोटो : KHALILABAD
एचआरपीजी कॉलेज की छात्रा ने किया फोन, एसपी के निर्देश पर सीओ पहुुंचे कॉलेज
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। सर! एचआरपीजी कॉलेज में बाहरी छात्र हंगामा कर रहे हैं। कक्षाएं भी नहीं चल रही हैं। शनिवार पूर्वाह्न 11.30 बजे कुछ ऐसा ही फोन एसपी ब्रजेश सिंह के पास बीए द्वितीय की छात्रा का पहुंचा। इस वक्त वे धर्मसिंहवा थाने में आयोजित समाधान दिवस में मौजूद थे।
उनके निर्देश पर सीओ सदर रमेश कुमार और एसडीएम एसपी सिंह कॉलेज पर पहुंचेे। वहां पर उन्होंने छात्रा से बातचीत की और समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद अफसरों ने शिक्षकों के साथ बैठक की। सीओ ने बताया कि कॉलेज में प्रवेश कार्य परिसर से बाहर कराया जाए। जिससे बाहरी छात्र परिसर में प्रवेश न कर सके। मुख्य गेट पर तलाशी ली जाए और जिन छात्रों का परिचय पत्र बना हो उन्हें ही परिसर में प्रवेश दिया जाए। कॉलेज में आकस्मिक चेकिंग की जाएगी। वहीं प्राचार्य डॉ. राम सोच यादव ने बताया कि छात्रा ने गलतफहमी में फोन कर दिया। शनिवार को एक पूर्व शिक्षक की बहू का निधन होने के कारण कॉलेज में अवकाश कर दिया गया था। इस मौके पर डॉ. डीएन पांडेय, डॉ. प्रताप विजय कुमार, डॉ. अमित भारती, डॉ. अभिनव, डॉ. मंजू मिश्र आदि मौजूद रहे।