हरिहरपुर। पीएचसी को जाने वाली सड़क पर एक सप्ताह पहले बिजली का पोल टूटकर गिर गया था। जिससे पीएचसी पर जीने वाली सप्लाई ठप हो गई और रास्ता भी अवरुद्ध हो गया, लेकिन विभागीय लापरवाही के चलते अब तक न तो बिजली का पोल हटा और न ही सप्लाई बहाल हो सकी।
एक सप्ताह पहले पीएचसी हरिहरपुर जाने वाले रास्ते पर बारिश के चलते पेड़ टूटकर बिजली के तार पर गिर गया। पेड़ गिरने से बिजली सप्लाई के लिए लगा पोल भी टूट गया। इससे बिजली सप्लाई के साथ ही अस्पताल जाने वाला रास्ता अवरुद्ध हो गया। स्थानीय लोगों ने रास्ते पर गिरा पेड़ काटकर हटाया, लेकिन निगम के जिम्मेदारों ने रास्ते से न तो बिजली का पोल हटाया और न ही अस्पताल की सप्लाई ही बहाल की। जिससे अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को काफी दिक्कत उठानी पड़ रही है। दवा कराने अस्पताल पर आने वाले मरीज दीनानाथ, चंद्रमणि, उपेंद्र, प्रियंका ने बताया कि पोल से लगे बिजली के तार रास्ते में बिखरे पड़े हैं। जिससे मरीज और उनके परिजनों को दिक्कत हो रही है। अस्पताल पर जाने वाली बिजली की सप्लाई ठप हो जाने से चिकित्सा कर्मियों को भीषण उमस में मरीजों का इलाज कराना पड़ रहा है।