करंट की चपेट में आने से मजदूर की मौत
- पंखे के प्लग को बोर्ड में लगाते समय हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। क्षेत्र के सेमरडाड़ी निवासी मजदूर की बुधवार की दोपहर करंट के चपेट में आने से मौत हो गई। मजदूर काम से लौटने के बाद घर पर पंखे का प्लग बोर्ड में लगा रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ब्रम्हदेव पुत्र रिखई 45 वर्ष बुधवार की दोपहर काम करने के बाद घर पहुंचे। गांव के लोगों ने बताया कि वह आराम करने के लिए टेबल फैन का तार विद्युत बोर्ड में लगा रहे थे। उसी समय वह करंट की चपेट में आ गए। परिवार के लोग कुछ देर बाद जब उनके पास पहुंचे तो उन्हें गिरा देख चिल्लाने लगे। शोर सुनकर पड़ोस के लोग पहुंच गए और अचेत पड़े ब्रम्हदेव को सीएचसी मलौली पहुंचाए। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एसओ अखिलानंद उपाध्याय ने बताया कि मजदूर ब्रम्हदेव के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।