संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। लोकसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए व्यय प्रेक्षक ब्रज किशोर सिंह ने निर्वाचन क्षेत्र के विधानसभा मेंहदावल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एफएसटी टीम- दो के प्रभारी अभय कुमार गुप्ता टडवरिया चौराहा पर निरीक्षण करते पाए गए। वहीं एसएसटी टीम-तीन के प्रभारी फकरे आलम राजघाट पुल बेलहर पर निरीक्षण करते मिले।
प्रेक्षक ने निरीक्षण के क्रम में एसएसटी टीम करमैनी घाट व गनवरिया चौराहा का भी निरीक्षण किया। साथ ही एसएसटी टीम प्रभारी प्रेम प्रकाश दूबे, दुर्गा मंदिर मगहर पर निरीक्षण करते हुए पाए गए। प्रेक्षक ने टीम प्रभारियों को यह निर्देश दिया कि चुनाव से पूर्व रात्रि में विशेष सावधानी बरती जाए, क्योंकि उम्मीदवारों की ओर से मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए पैसा, शराब व अन्य सामग्री वितरित करने की संभावना बनी रहती है। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि परिवहन निगम की बसों को भी चेक किया जाए। इस दौरान लाइजन ऑफिसर जेपी तिवारी सहित अन्य उपस्थित रहे।