सेमरियावां ब्लॉक के लोहिया समग्र गांव उंचहराकला में राशन की दुकान के आवंटन प्रस्ताव के लिए खुली बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई। इस कारण राशन की दुकान के आवंटन का चयन प्रस्ताव नहीं हो पाया।
एसडीएम खलीलाबाद के आदेशानुसार ग्राम पंचायत में खुली बैठक कर राशन की दुकान के आवंटन का प्रस्ताव कर कोटेदार का चयन किया जाना था। एडीओ पंचायत मैनुद्दीन सिद्दीकी गांव मेें खुली बैठक करने पहुंचे। खुली बैठक अरबिया स्कूल में शुरू हुई। बैठक में सिर्फ दो लोगों ने राशन दुकान के लिए आवेदन किया। दोनों दुकान के दावेदार अपने पक्ष में भीड़ ज्यादा से ज्यादा एकत्र करने में लग गए, जिससे विवाद की स्थिति बन गई।
जिससे ग्राम प्रधान शहनाज खातून ने बैठक को स्थगित कर दी। गांव के एक पक्ष के कलीमुजफ्फर, मास्टर रईस, नोखई पहलवान, ग्यासुद्दीन उर्फ लड्डू आदि ने बताया कि राशन की दुकान के आवंटन में प्रधान द्वारा मनमानी की जा रही है। हमारी तरफ ज्यादा लोगों की भीड़ को देखते हुए राशन दुकान आवंटन चयन प्रस्ताव प्रधान के दबाव में टाल दिया गया।
यही नहीं राशन की दुकान को दूसरे गांव परसादपुर में अटैच कर दिया गया है। वहीं दूसरे पक्ष के प्रधान पति मोहम्मद रफीक, मास्टर धनपाल, नंदलाल, अफसर हुसेन, मशहूर आलम, शिवप्रसाद, उर्मिला, हरिश्याम आदि ने बताया कि गांव के कुछ लोग दुकान का आवंटन अपने पक्ष में कराने के लिए गरीब व दलित समाज के लोगों पर दबाव बना रहे थे। जिससे गांव में माहौल खराब होने की आशंका थी, जिससे दुकान आवंटन प्रस्ताव नही हो पाया है। मौके पर पुलिस फोर्स मौजूद रही।
वहीं ग्राम प्रधान शहनाज खातून ने बताया कि गांव में राशन की दुकान आवंटन में बुलाई गई बैठक में कुछ असामाजिक तत्व हंगामा करने लगे। साथ ही गांव में जाकर लोगों से बैठक में न आने का दबाव बनाने लगे। जिससे दुकान आवंटन का चयन प्रस्ताव नहीं किया गया है। दुकान का आवंटन सही तरीके से करने के लिए एसडीएम को पत्र देकर गुप्त मतदान प्रक्रिया से आवंटन किया जाएगा। जिससे दुकान का आवंटन सही व्यक्ति को मिले।
एडीओ पंचायत मैनुद्दीन सिद्दीकी ने बताया कि उंचहराकला में गांववालों के हंगामे के चलते राशन दुकान का आवंटन चयन प्रस्ताव नही हो पाया है। एसडीएम को अवगत करा दिया गया है। एसडीएम के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई व दुकान प्रस्ताव की अगली तिथि निर्धारित की जाएगी।