सेमरियावां। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरियावां पर एक्स-रे मशीन तो डिजिटल हो गई है। मगर एक्स-रे फिल्म और प्रिंटर लीड नहीं होने से मरीजों को एंड्रॉयड फोन पर रिपोर्ट दी जाती है। सीएचसी पर एक्स-रे रिपोर्ट लेना है तो मरीज को एंड्रॉयड होना जरूरी है। फोन न लाने पर रिपोर्ट नहीं मिल पाएगी। इस व्यवस्था से लोगों में काफी नाराजगी है।
30 शैय्या वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरियावां में इलाज के लिए जनपद के सेमरियावां ब्लॉक के साथ ही आंशिक रूप से बघौली, बेलहर कला, सांथा, बस्ती जनपद के साऊंघाट, रुधौली ब्लाॅक के गांवों के लोग आते हैं।
सीएचसी सेमरियावां पर पांच लाख से अधिक जनसंख्या इलाज के लिए आश्रित है। प्रतिदिन 300-400 मरीज इलाज के लिए आते हैं। इनमें 10 फीसद मरीजों को एक्स-रे की सलाह चिकित्सक देते हैं, ताकि परीक्षण के हिसाब से इलाज किया जा सके।
लोगों के काफी मांग के बाद करीब एक साल पहले स्वास्थ्य विभाग की ओर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरियावां को डिजिटल एक्स-रे मशीन उपलब्ध करा दी गई। पिछले महीने मशीन इंस्टाॅल कर एक्स-रे मशीन का संचालन भी शुरू किया गया। पिछले एक महीने में लगभग 250 से 300 मरीजों के एक्स-रे किए गए हैं।
सीएचसी पर रोगियों की सुविधा के लिए बड़ी मुश्किल से डिजिटल एक्स-रे मशीन तो स्थापित की गई है। इसके संचालन के लिए टेक्निशियन की भी तैनाती है लेकिन एक्स-रे फिल्म व प्रिंटर मशीन की लीड न होने से रोगियों को रिपोर्ट नहीं मिल पा रही है।
टेक्नीशियन एक्स-रे रिपोर्ट अपने मोबाइल से रोगी के मोबाइल पर भेज दे रहा है, लेकिन जिनके पास एंड्रॉयड फोन नहीं हैं, उनकी रिपोर्ट सीधे संबंधित डाॅक्टर को भेज दी जा रही है।
क्षेत्र के इरशाद अहमद, राज कुमार, सलीम, दयाराम वसीम अहमद आदि ने बताया कि सीएचसी के जिम्मेदार की लापरवाही से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। जिसके पास एंड्रॉयड फोन नहीं है, वह कैसे अपनी रिपोर्ट ले सकेगा, इसको लेकर लोग सवाल कर रहे हैं।