संतकबीरनगर। परिवहन विभाग की ज्यादातर सेवाएं ऑनलाइन कर दी गई हैं। इसके लिए जन सेवा केंद्रों को भी अधिकृत कर दिया गया है। फेसलेस परिवहन सेवा का लाभ अब जन सेवा केंद्र से भी लोगों को आसानी से मिल जाएगा और कार्यालय का चक्कर लगाने से राहत मिलेगा।
विभाग के अनुसार, कुल 58 सेवाओं में से 44 सेवाएं (सारथी पोर्टल की 25 व वाहन पोर्टल की 19 सेवाएं) आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से उपलब्ध कराने के लिए ऑनलाइन की जा चुकी हैं। विभाग की इन सेवाओं का लाभ आसानी से उठाया जा सकता है। इसके लिए जन सामान्य को अब कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। सड़क परिवहन एवं राज्य मार्ग मंत्रालय ने आम जनमानस को आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से कॉन्टैक्टलेस अथवा फेसलेस के रूप में जन सामान्य को उपलब्ध कराने के लिए आदेश भी जारी कर दिया है। इससे लोगों को एआरटीओ कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को उनके आसपास जन सेवा केंद्र पर परिवहन विभाग की फेसलेस सभी सुविधा का लाभ आसानी से मिल जाएगा। ऑनलाइन विभाग की निर्धारित फीस को जमा करके लोग घर बैठे अपना काम करा सकेंगे। इससे उनका समय और धन दोनों का बचत होगा। संवाद