सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर।
- फोटो : अमर उजाला
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि जब देश का चुनाव होता है तो जनता देश हित में और प्रदेश की जनता प्रदेश हित में वोट करती है। जब क्षेत्रीय और निकाय चुनाव होता है तो लोग उसे सेमीफाइनल बताते हैं। आज तक हम यह समझ नहीं पाए कि कौन सा चुनाव सेमीफाइनल होता है।
वे मंगलवार को शहर के एक होटल में पार्टी के संगठनात्मक बैठक में शामिल होने आए थे। उन्होंने कहा कि गठबंधन में चाहे कोई भी चुनाव लड़े, हमें 80 सीटें जीतनी है और हम सब मिलकर चुनाव लड़ेंगे। बस्ती में हुए गैंगरेप के बाद दंपती की हत्या के मामले में ओपी राजभर ने कहा कि हम ऐसी घटना की निंदा करते हैं।
मुख्यमंत्री भी इस तरह की घटना की निंदा करते हैं, लेकिन विपक्ष के लोग मुख्यमंत्री के बयान का आलोचना कर रहे हैं। हालांकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर सभी जिले के पुलिस अधीक्षकों से बैठक कर तत्काल कार्रवाई करने की बात कही है और इन सब बातों पर फटकार भी लगाया है।
संसद सदस्य रमेश बिधूड़ी के लोकसभा में दिए गए विवादित बयान पर ओपी राजभर ने कहा कि हम ऐसी भाषा का समर्थन नहीं करते हैं। लोग लोकसभा में आने से पहले संविधान की शपथ लेते हैं और संसद में आने के बाद संवैधानिक कर्तव्यों और मर्यादाओं को भूल जाते हैं। जिससे पूरे देश को शर्मसार होना पड़ता है। इस बात को लेकर उनके खिलाफ लोकसभा अध्यक्ष द्वारा कार्रवाई भी की गई है।