संतकबीरनगर। सरकारी स्कूलों में छात्रों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। छात्रों को अब ब्लैक बोर्ड पर पढ़ाई नहीं करनी पड़ेगी। छात्रों के लिए व्हाइट और ग्रीन बोर्ड स्कूलों में लगाए जाएंगे। वहीं, विद्यालयों के लिए जारी कंपोजिट ग्रांट के व्यय की जानकारी भी दीवारों पर पेंट की जाएगी, ताकि सभी को इसके बारे में पता लग सके। महानिदेशक स्कूल शिक्षा ने सभी बीएसए को निर्देशित किया है।
जिले में 1447 परिषदीय स्कूल संचालित है। प्राथमिक, उच्च प्राथमिक व कंपोजिट स्कूलों को निजी स्कूल की तर्ज पर बेहतर किया जा रहा है। अब सरकारी स्कूलों में ब्लैक बोर्ड पर छात्रों को नहीं पढ़ाया जाएगा। सभी स्कूलों में व्हाइट व ग्रीन बोर्ड लगाए जाएंगे। महानिदेशक स्कूल शिक्षा ने सभी बीएसए को ब्लैक बोर्ड की जगह व्हाइट या ग्रीन बोर्ड लगवाने के लिए निर्देशित किया है। उन्होंने कहा है कि यह छात्रों के लिए ज्यादा उपयोगी व आंखों के लिए भी बेहतर होंगे। साथ ही कहा कि कंपोजिट ग्रांट की 10 फीसदी राशि का प्रयोग विद्यालयों की सफाई पर किया जाएगा।
इससे जुड़ी सामग्री खरीदी जा सकेगी। इसके अलावा सभी विद्यालयों में आवश्यक दवाइयां व फर्स्ट एड की व्यवस्था की जाएगी। विद्यालय के एलईडी, ट्यूबलाइट, पंखे आदि को ठीक कराया जाए। बीएसए अमित कुमार सिंह ने बताया कि महानिदेशक स्कूल शिक्षा का पत्र प्राप्त हुआ है। जल्द ही परिषदीय विद्यालयों में ब्लैक बोर्ड की जगह व्हाइट या ग्रीन बोर्ड लगवाए जाएंगे।