कलेक्ट्रेट पर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते निषाद पार्टी के कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
निषाद पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पीस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर मोहम्मद अयूब के खिलाफ साजिश के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। प्रदर्शन के बाद डीएम को ज्ञापन देकर मुकदमा वापस लिए जाने की मांग की गई।
निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष राम सागर निषाद के नेतृत्व में कार्यकर्ता पूर्वाह्न 11 बजे जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि निषाद समाज की पार्टी निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल पार्टी और पीस पार्टी का विधानसभा चुनाव में गठबंधन है। पार्टी के प्रत्याशी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मो. अयूब को बदनाम करने के लिए ऐन चुनाव के वक्त साजिश के तहत उन पर मुकदमा दर्ज कराया गया। इसमें विपक्षी दलों की भूमिका रही है, ताकि वह चुनाव हार जाएं।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि हम सभी पीस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ मजबूती से खड़े हैं। प्रदर्शन के बाद डीएम को ज्ञापन देकर मुकदमा वापस लिए जाने की मांग की गई। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मुकदमा वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन शुरू किया जाएगा। प्रदर्शन में धर्मेंद्र निषाद, विश्वनाथ निषाद, राजेंद्र निषाद, जर्नादन निषाद, दिवाकर निषाद, राजेश निषाद, मेवाती निषाद, सतिया निषाद, बेलावती निषाद, अनारपती निषाद, कुसुम निषाद आदि शामिल रहे।