इंद्रेश यादव
धनघटा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा क्षेत्र धनघटा के विकास के लिए 225 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का बृहस्पतिवार को लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि संतकबीरनगर जिला विकास की मुख्य धारा से जुड़ रहा है। जिससे विधानसभा क्षेत्र धनघटा और खजनी अछूता नहीं है।
विधानसभा क्षेत्र धनघटा के विश्वनाथपुर, महुली मार्ग, रामपुर मध्य से बकैनिया करिया जोत मार्ग, सिसवनिया से गौरा मार्ग, सुरैना मुडाडीहा मार्ग, सिसवनिया गौरा मार्ग, बरपरवा से कौलही मार्ग,विश्वनाथपुर मार्ग से रामपुर मार्ग, रामजानकी मार्ग से डिहवा बाजार से घोरांग प्राचीन कालीन काली मंदिर सेमरौना बंगाली बाबाकुटी होते हुए सिरसी तक का मार्ग, नहराडीह से ओनिया होते हुए गिठनी तक का मार्ग सहित धनघटा विधानसभा में एक दर्जन से अधिक सड़कों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। उन्होंने कहा कि जब अच्छी सरकार चुनेंगे, अच्छे विधायक चुनेंगे तो देश और प्रदेश का चौमुखी विकास होगा।
कुर्सियों पर बैठने को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में नोकझोंक
धनघटा। बसवारी गांव स्थित प्राचीन बाबा बैजूनाथ शिव मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कुर्सियों पर बैठने को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक हो गई। कार्यक्रम शुरू होने से पहले मंच के सामने लगी कुर्सियों बैठने के लिए कुछ कार्यकर्ता आपस में बहस करने लगे, जिससे कुछ समय के लिए अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो गई।
मंच के निकट बैठने को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी बढ़ गई। स्थिति को देखते हुए मंच से बार-बार शांति बनाए रखने और निर्धारित स्थानों पर बैठने की अपील की जाती रही, लेकिन कुछ देर तक कार्यकर्ता आपस में बहस करते रहे।
इसकी जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। इसके साथ ही मंच से भाजपा जिलाध्यक्ष व
वरिष्ठ नेताओं द्वारा भी कार्यकर्ताओं से अनुशासन बनाए रखने और कार्यक्रम की गरिमा का ध्यान रखने का अनुरोध किया गया।