नगर पंचायत बखिरा में दिन में जलती हुई स्ट्रीट लाइटें
बखिरा। बृहस्पतिवार को पूरी रात लोगों ने बिजली नदारद होने से जागकर बिताया, जबकि नगर पंचायत बखिरा स्ट्रीट लाइट जलाकर दिन में भी उजाला कर रही है। जिम्मेदारों की इस लापरवाही से सरकारी धन की जहां एक तरफ क्षति हो रही है। वहीं पर दूसरी तरफ आमजन रात में बिजली के अभाव में जागकर बिताने को मजबूर है।
बखिरा क्षेत्र के निवासी रामचंद्र, शिवकुमार, दिनकर, श्याम मोहन, शैलेश ने कहा कि नगर पंचायत बखिरा के अलग-अलग वार्डों में दिन के समय स्ट्रीट लाइटें अक्सर जलती रहती है, जबकि बिजली को दिन में बंद करने के लिए मेन स्विच लगाया गया है।
इसके बावजूद नगर पंचायत के स्ट्रीट लाइट दिन में भी जलते रहती है। इसके विपरीत नगर पंचायत बखिरा में बिजली की बदहाली से आमजन परेशान हैं।
दिन के समय बिजली की आवाजाही रहती है तो रात के समय बिजली के आने व जाने का कोई भी समय निर्धारित नहीं रह गया है। बृहस्पतिवार की रात में बिजली की आवाजाही बनी रही। पूरी रात लोगों ने जागकर बिताई। गर्मी व उमस की वजह से लोग सड़क व छतों पर टहलते रहे। लोगों की शिकायत है कि उन्हें दिन व रात दोनों वक्त पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है। दिन तो किसी तरह कट जा रहा है, जबकि रात जागकर बिताना पड़ रहा है।
इस बाबत ईओ आदित्य प्रकाश ने कहा कि दिन में स्ट्रीट लाइटें बंद कराई जाएगी और लापरवाह कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई भी होगी।