मुखलिसपुर रेलवे क्राॅसिंग अंडरपास के निर्माण में आई तेजी
- अप्रैल तक कार्य पूर्ण होने की जगी उम्मीद
- अंडरपास निर्माण से लोगों को जाम से मिलेगी सहूलियत
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। शहर के मुखलिसपुर रेलवे क्राॅसिंग पर हो रहे अंडरपास निर्माण कार्य में तेजी आ गई है। शुक्रवार को रेलवे लाइन के नीचे खुदाई करने के लिए स्पोर्टिंग बीम लगाया गया। उम्मीद है कि अप्रैल तक कार्य पूर्ण हो जाएगा। अंडरपास के निर्माण से शहरवासियों को जाम से राहत मिलेगी।
खलीलाबाद के मुखलिसपुर रोड स्थित रेलवे क्रासिंग पर अंडरपास का निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए रेल मंत्रालय ने करीब पांच करोड़ 10 लाख रुपये उपलब्ध कराया है। बारिश और त्योहार के समय में कार्य की गति धीमी हो गई थी, लेकिन एक बार फिर अंडरपास का निर्माण कार्य तेजी से हो रहा है।
शुक्रवार दोपहर 12.20 बजे से 1.50 बजे तक रेलवे लाइन के नीचे खुदाई के लिए स्पोर्टिंग बीम लगाया गया। इस दौरान ट्रेनों की आवाजाही ठप रही। हालांकि रेल प्रशासन का दावा है कि कोई ट्रेन स्टेशन पर इस दौरान नहीं आई। दूसरी तरफ अंडरपास के निर्माण से लोगों को उम्मीद जग गई है कि उनकी समस्याओं का निदान जल्द हो जाएगा।
दो हिस्सों में बंट गया है शहर
मुखलिसपुर रेलवे क्राॅसिंग पर अंडरपास निर्माण के कारण शहर दो हिस्सों में बंट गया है। कारण यह है कि रेलवे क्राॅसिंग को पूर्ण रूप से बंद कर दिया गया। धनघटा की ओर जाने वाले वाहन ओवरब्रिज से होकर आ-जा रहे हैं। साथ ही अंडरपास के दोनों तरफ के दुकानदारों का कारोबार प्रभावित रहा।