ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। रविवार को सुबह से ही आसमान में तेज कोहरे के साथ हवा चलने से गलन बढ़ गई। लेकिन दिन में हल्की धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिली। कोहरे का असर वाहनों पर भी पड़ा। कोहरे का असर रहा कि दो पहिया और चार पहिया वाहनों की स्पीड भी थम सी गई। कोहरे की वजह से गाड़ियों की लाइट जलाकर चलते दिखे लोग।
दिसंबर शुरू होते ही अचानक आसमान में कोहरा छाने लगा। रविवार को सुबह अचानक तेज कोहरा छा गया।
जिससे लोगों को अपने गंतव्य स्थलों पर आने-जाने में कठिनाईयों का सामना करना पड़ा। ठंड के एहसास ने लोेगों को स्वेटर-जैकेट निकालने को मजबूर किया। मौसम के रूख ने लोगों के लिबास बदल दिया है। सुबह और शाम में सड़कों पर कम लोग दिखे। ठंड से ठिठुरे लोगों ने आग जलाकर राहत की सांस ली। वहीं ऊनी वस्त्रों के दुकान पर ग्राहकों के बढ़ने से गर्मी बढ़ी। गर्म कपड़ों के दुकानदारों को अपनी दुकानदारी अच्छी होने की संभावना दिख रही है।
गोलाबाजार के दुकानदार सीपी राय का कहना है कि दिसंबर का महीना जैसे ही शुरू हुआ, वैसे ही तक ठंड ने दस्तक दे दी। लोग हाफ स्वेटर से फुल स्वेटर पहनने पर मजबूर हो गए।
लेकिन रविवार से बढ़ी ठंड से दुकान पर ग्राहकों की भीड़ लगनी शुरू हो गई है। इस महीने में गर्म कपड़ों की बिक्री अच्छी होने के आसार दिख रहे हैं।