संतकबीरनगर। नाबालिग बेटे के लापता होने और उसके बाद घर में घुसकर मारपीट किए जाने का आरोप लगाते हुए एक महिला ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) न्यायालय में प्रार्थनापत्र दाखिल किया है। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली खलीलाबाद पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है ।
कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के ग्राम टेमारहमत निवासी सलमा खातून ने न्यायालय में दिए प्रार्थनापत्र में जानकारी दी कि 15 अप्रैल की शाम गांव का एक युवक उसके 15 वर्षीय नाबालिग बेटे को घर से बुलाकर ले गया। काफी देर तक बेटा नहीं लौटा तो मोबाइल पर संपर्क किया। बेटे ने जल्द आने की बात कही, लेकिन कुछ देर बाद उसका फोन बंद हो गया।
महिला का कहना है कि रात में आरोपी के घर पहुंचकर जानकारी लेने पर परिजन ने अनभिज्ञता जताई। इसके बाद उसने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ लोगों से पूछताछ करने के बाद लौट गई।
अगले दिन सुबह नामजद आरोपी एकराय होकर उसके घर में घुस आए और मारपीट की। महिला का आरोप है कि आरोपियों ने उसके बेटे को गायब कराने तथा उसे भी जान से मारकर गायब कर देने की धमकी दी। कोतवाल जयप्रकाश दूबे ने बताया कि मामले में कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।