संतकबीरनगर। मोबाइल फोन गायब होने के बाद साइबर ठगों ने एक व्यक्ति के मोबाइल नंबर का दुरुपयोग कर उसके बैंक खाते से 51,900 रुपये उड़ा दिए। शिकायत मिलने पर मेंहदावल थाना की साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 30 हजार रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दिए। मेंहदावल थाना क्षेत्र के सांडे खुर्द निवासी जयनाथ पुत्र रामायन का मोबाइल फोन कुछ दिन पहले गुम हो गया था। इसी दौरान अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनके मोबाइल नंबर का गलत इस्तेमाल कर बैंक खाते से 51,900 रुपये निकाल लिए। खाते से रकम कटने की जानकारी होने पर जयनाथ ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू की। आरक्षी संदीप कुमार गौतम और आरक्षी सौरभ कुमार ने संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से ठगी की गई धनराशि को होल्ड कराया। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पीड़ित के खाते में 30 हजार रुपये वापस करा दिए गए।