धनघटा क्षेत्र के पारा हरगोविंद के पास की घटना, पुलिस ने पहुंच कर किया बीच-बचाव, एक को हिरासत में लिया
फोटो है
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। क्षेत्र के पारा हरगोविंद में मंगलवार की शाम छात्रा से छेड़छाड़ के मामले को लेकर दो पक्ष भिड़ गए। राम जानकी मार्ग पर दोनों पक्षों के बीच चल रहे ईंट-पत्थर, लाठी-डंडे को देखकर राहगीर भी सहम कर दोनों तरफ रुक गए। संयोग अच्छा रहा कि इसी बीच पौली चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों के लोगों के बीच पहुंचकर बीच-बचाव किए। पुलिस एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार, एक छात्रा परासीर स्थित एक इंटर कॉलेज में पढ़ती है। वह साइकिल से रोजाना विद्यालय आती-जाती है। तीन दिन पहले परासीर में स्थित एक दुकानदार युवक ने छात्रा से छेड़छाड़ की। छात्रा ने जब विरोध किया तो उसे जमकर मारा-पीटा भी। इससे छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई।
छात्रा ने यह बात अपने घर आकर परिजनों को बताई। लोगों का कहना है कि मंगलवार की शाम विद्यालय से जब छुट्टी हुई तो उसी समय छात्रा के परिवार के 8-10 लोग पाराहरगोविंद में पहुंचकर दुकानदार युवक को मारने-पीटने लगे। दुकानदार के बचाव में पास-पड़ोस के लोग आए तो दोनों तरफ से ईंट- पत्थर चलने लगे।
इसी बीच पौली चौकी इंचार्ज अमित कुमार चतुर्वेदी धनघटा की तरफ जा रहे थे। जब वह पारा हरगोविंद में पहुंचे तो सड़क पर चल रहे दृश्य को देखकर बाइक खड़ी करके भीड़ के बीच पहुंच गए। पुलिस के पहुंचने के बाद भीड़ में कुछ लोग इधर-उधर भाग निकले। एक युवक को पुलिस पकड़कर थाने लाई। चौकी इंचार्ज ने बताया कि एक युवक को हिरासत में लिया गया है। इस मामले में किसी पक्ष ने अब तक तहरीर नहीं दी है।