मेंहदावल के राप्ती नदी पर मॉक डि्रल करते प्रशासन के लोग
संतकबीरनगर। जनपद में राप्ती, कुआनों, आमी और सरयू नदी में अगर बाढ़ आती है तो उससे बचाव को लेकर प्रशासनिक अमला जुट जाएगा। बृहस्पतिवार को तीनों तहसीलों में बाढ़ से बचाव को लेकर प्रशासनिक अमले ने मॉक ड्रिल किया। इस दौरान बाढ़ से निपटने का तरीका सीखा।
खलीलाबाद के मगहर से आमी नदी के किनारे मॉकड्रिल का अभ्यास किया गया। जिसमें डूबे हुए व्यक्ति को बचाने के लिए आपदा टीम जुट गई और उसे बचाया। एसडीएम अरूण वर्मा, तहसीलदार आनंद ओझा आदि मौजूद रहे। धनघटा तहसील में घाघरा नदी के किनारे ग्राम दौलतपुर में मॉक ड्रिल हुआ।
जहां पर एक नाव जो कि ग्रामीणों को लेकर आ रही थी। अचानक एक ग्रामीण नदी में गिर गया, डूबने लगा, बचाव दल पीएसी की टीम द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए मोटर बोट की सहायता से उक्त व्यक्ति को नदी से बाहर निकाला।
उसे प्राथमिक चिकित्सा के लिए 108 एम्बुलेंस की सहायता से बाढ़ राहत शिविर उच्च प्राथमिक विद्यालय औराडाड़ लाया गया। जहां उसका इलाज हुआ। शिविर में स्वास्थ्य विभाग, पशु पालन विभाग, आपूर्ति विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, पंचायती राज विभाग, विकास विभाग, अग्नि शमन विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, बिजली निगम आदि भी शामिल रहे।
यहां पर एसडीएम डॉ सुनील कुमार आदि मौजूद रहे। इसी तरह से मेंहदावल तहसील के विशुनपुर कछार में रोड कलवर्ट टूटने के क्रम में आपदा प्रबंधन एवं बचाव कार्य किया गया।