पिकअप की चपेट में आने से दूध व्यवसायी की मौत
- बाइक सवार को करीब 50 मीटर तक घसीटने के बाद विद्युत पोल से टकराई पिकअप में लगी आग
- आग से पिकअप और बाइक जलकर क्षतिग्रस्त
अमर उजाला ब्यूरो
लोहरैया/संतकबीरनगर। रामजानकी मार्ग पर लोहरैया के पास शुक्रवार भोर में एक पिकअप ने बाइक सवार व्यवसायी को 50 मीटर दूरी तक घसीट दिया। हादसे में व्यवसायी की जहां मौत हो गई, वहीं अनियंत्रित पिकअप के विद्युत पोल से टकराने से उसमें आग लग गई। जब तक लोग मौके पर पहुंचे, तब तक पिकअप चालक और उसमें सवार अन्य लोग भाग गए। ग्रामीणों ने पिकअप में लादे गए छह मवेशियों को बाहर निकाल कर जान बचाई। इधर जलने से पिकअप और बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
गोरखपुर जिले के सिकरीगंज क्षेत्र के बनकटा गांव निवासी 36 वर्षीय विपिन अग्रहरि दूध का व्यवसाय करते थे। दूध खरीद करने के लिए रोजाना की भांति शुक्रवार को भोर में वह बाइक से धनघटा क्षेत्र के शनिचरा बाजार जा रहे थे। अभी वह रामजानकी मार्ग पर लोहरैया के पास पहुंचे ही थे। उसी दौरान धनघटा की तरफ से गुजरी तेज रफ्तार पिकअप में उन्हें चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पिकअप की गति इतनी तेज थी कि वह बाइक समेत विपिन को करीब 40 से 50 मीटर दूरी तक घसीटते हुए ले गई। बाद में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित विद्युत पोल से टकरा गई। पिकअप में सवार चालक समेत दो लोग जान बचाकर भाग निकले। विद्युत तार टूटकर गिरने से पिकअप धू धू कर जलने लगा। बाद में बाइक में आग लग गई। घटना देखकर लोहरैया चौराहे पर मौजूद लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। लोगों ने पिकअप में लादे गए छह मवेशियों को नीचे उतार कर उनकी जान बचाई। बाइक सवार हेलमेट भी पहने था। घटना की सूचना मिलने पर एसओ विनय पाठक भी मौके पर पहुंच गए। घायल बाइक सवार विपिन को सीएचसी मलौली भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने देखते ही उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसओ विनय पाठक ने बताया कि हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। जबकि आग लगने से पिकअप और बाइक दोनों क्षतिग्रस्त हो गई है। मौके पर मवेशी नहीं पाए गए। इस मामले में पिकअप चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। विवेचना से पिकअप चालक का पता कर उसे पकड़ लिया जाएगा।