शांतिपूर्ण माहौल में चुनाव संपंन कराने के लिए रहे सतर्क : एसपी
- बोले- घटनाओं का पर्दाफाश करने की दिशा में उठाए सार्थक कदम
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए सतर्कता जरूरी है। जिन घटनाओं का पर्दाफाश अब तक नहीं हुआ है, उसका शीघ्र पर्दाफाश हो, इस दिशा में काम तेज करने की जरूरत है। शांतिपूर्ण माहौल में चुनाव संपंन कराना प्राथमिकता में शामिल है। यह बातें एसपी डॉक्टर कौस्तुभ ने बृहस्पतिवार की देर शाम पुलिस लाइंस सभागार में अपराधों की समीक्षा के दौरान कहीं।
एसपी ने कहा कि लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण हो। अज्ञात अभियोगों के वर्क आउट, अवैध शराब बिक्री / निष्कर्षण, परिवहन के खिलाफ कार्रवाई की जाए। हत्या, दुष्कर्म, लूट, डकैती, चोरी, अपहरण के अपराधों पर पूर्णतया अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाएं जाए।
जन सुनवाई पोर्टल/आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त होने वाले शिकायती प्रार्थना पत्रों का गुणवत्तापूर्ण व निर्धारित समयावधि में निस्तारण किया जाए। जनता के शिकायती प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किया जाए। ऑपरेशन तमंचा के तहत प्रभावी कार्रवाई हो। विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रुप से संपंन कराए जाने की तैयारियां पूरी की जाए। लाइसेंसी शस्त्रों के सत्यापन एवं शस्त्र जमा करने की कार्रवाई पूरी की जाए। इस दौरान एएसपी संतोष कुमार सिंह, सीओ सदर अंशुमान मिश्र, सीओ मेहदावल अंबरीश भदौरिया, सीओ धनघटा रामप्रकाश, आरआई रजनीकांत ओझा, कोतवाल विजय नारायन प्रसाद, एसओ धनघटा विनय पाठक, एसओ महुली केडी सिंह आदि उपस्थित रहे।